नोहलेश्वर में जनता की सुखद अनुभूति ही, महोत्सव की सफलता है - राज्य मंत्री धर्मेन्द्र सिंह
दस दिवसीय नोहलेश्वर महोत्सव भव्य समापन के अवसर पर मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने किया पत्रकारों का सम्मान
जिला ब्यूरो राहुल गुप्ता दमोह
दमोह - दस दिवसीय नोहलेश्वर महोत्सव में जनता ने जो आनंद, मनोरंजन, नृत्य, गीत, संगीत, भजन, लोकगीत एवं मेले की सुखद अनुभूति की है, उनकी सुखद अनुभूति ही इस नोहलेश्वर महोत्सव की सफलता है। यही मेरी और आयोजन समिति की संतुष्टि है। महोत्सव का उद्देश्य ही लोगों को महोत्सव के माध्यम से संस्कृति और विरासत के प्रति जागरूक करना था। मंचीय कार्यक्रम को एकटक देखने और उसे समझने का जो भाव दर्शकों में दिखाई दिया उससे हमारा उद्देश्य सफल हुआ। आयोजन में विभिन्न समितियों, प्रशासनिक और पुलिस ने जो पूर्ण लग्न के साथ कार्य किया है उसके लिए भी मैं सभी का आभारी हूँ। उक्त उद्गार संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने नोहलेश्वर महोत्सव के समापन अवसर पर कहीं। समापन दिवस कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई जिसमें राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, बरगी विधायक नीरज सिंह, सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गुरु, कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष रतनचंद जैन, महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह, नितेंद्र सिंह एवं लोधी समाज के जिला अध्यक्ष वरिष्ठ भाव सिंह लोधी जी की उपस्थिति रही। उपस्थित अतिथियों का राज्य मंत्री लोधी जी द्वारा महोत्सव अंगवस्त्र पहना कर स्वागत किया गया।
मंचीय कार्यक्रम में विभिन्न स्थानीय लोकगीत कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सभी का मनोरंजन किया। बक्सवाहा से आई हुई सविता यादव एवं उनकी टीम द्वारा बुंदेली राई के माध्यम से मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी द्वारा जबेरा विधानसभा में किए गए विकास कार्यों की गाथा सुनाई, जिस पर सभी दर्शकों ने तालियां बजाकर समर्थन और स्वागत किया।
महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह लोधी ने कहा कि कोई भी कार्यक्रम छोटा हो अथवा बड़ा बिना टीम वर्क के वह संपन्न नहीं हो सकता, महोत्सव की सफलता के लिए भी विभिन्न समितियां में हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत लगी हुई है तभी हम एक दिव्य और भव्य नोहलेश्वर महोत्सव का आयोजन कर सके। आगामी महोत्सव में हमारा प्रयास अधिक से अधिक लोगों को महोत्सव से जोड़ना रहेगा।
राज्य मंत्री लोधी ने किया पत्रकारों का सम्मान
10 दिवसीय नोहलेश्वर महोत्सव को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से महोत्सव के समाचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करने वाले सभी पत्रकार बंधुओ का राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने महोत्सव मंच से सभी का सम्मान किया एवं उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं महोत्सव समिति की ओर से उपहार भेंट किए। राज्य मंत्री ने सभी पत्रकार बंधुओ का धन्यवाद और आभार प्रकट करते हुए कहा कि आप सभी पत्रकार बंधु लोकतंत्र के चतुर्थ स्तंभ है आप प्रशासन राजनेताओं को आईना दिखाने का कार्य करते हैं साथ ही आप जनता की उन समस्याओं को उजागर करते हैं जिन पर अन्य किसी का ध्यान नहीं जाता। आप ही वही माध्यम है जो संस्कृति और विरासत की महत्वता को अपने समाचार के माध्यम से जन जन तक पहुंचने का कार्य करते हैं महोत्सव में आप सभी के सहयोग और सहभागिता से महोत्सव संपन्न हुआ। आप सभी का मैं और आयोजन समिति आभार प्रकट करते हैं।
महोत्सव की सभी समितियां का आयोजन समिति और राज्य मंत्री ने किया सम्मान
विगत 10 दिवसीय नोहलेश्वर महोत्सव में विभिन्न समितियों के माध्यम से महोत्सव में अपनी दायित्वों का निर्वहन कर रहे सभी समितियां के सदस्यों का राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी एवं आयोजन समिति द्वारा महोत्सव अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र के माध्यम से सम्मान किया गया।
मंडल अध्यक्षो ने किया सम्मान
भव्य और ऐतिहासिक नोहलेश्वर महोत्सव आयोजित करने एवं आयोजन की अपार सफलता के लिए जबेरा विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष नोहटा से स्थानीय मंडल अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, तेंदूखेड़ा से संत कुमार पाल, तारादेही से मनोहर लोधी, तेजगढ़ से संग्राम सिंह, बनवार से रिंकू जैन, जबेरा से बंटी दुबे, सिंगरामपुर से मंदीप यादव ने मिलकर महोत्सव के आयोजक मंत्री धर्मेन्द्र सिंह, एवं महोत्सव के संयोजक नित्येन्द्र सिंह, सत्येंद्र सिंह एवं पिता जी भाव सिंह जी का नोहलेश्वर मंदिर के छाया चित्र भेट कर स्वागत,सम्मान करते हुए आभार प्रकट किया।